
बाघपुरा थाने में बुधवार को दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 19 जुलाई को उसके अंकल के बेटे दाउमा और दिनेश उसे अहमदाबाद लेकर गए थे। पीड़िता का दावा है कि वहां उसे एक फैक्ट्री के व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया गया। इसके बाद उसे फैक्ट्री के एक कमरे में करीब पांच दिनों तक बंद रखा गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। उसने जब इस घटना की शिकायत पुलिस में करने की बात कही तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया और बुधवार को बाघपुरा थाने में लिखित शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है। बाघपुरा थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा और जांच अधिकारी एएसआई प्रकाश चन्द्र मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस पीड़िता के आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान अहमदाबाद स्थित उस फैक्ट्री और वहां से जुड़े लोगों की भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पीड़िता को किस परिस्थिति में अहमदाबाद ले जाया गया और मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
27 Aug 2026